politics
मंत्रालय बंटे अब नौकरशाही में होगा फेरबदल: शासन स्तर पर होमवर्क शुरू, सीएम और मंत्रियों की परिक्रमा करने लगे अधिकारी
विस्तार
अपने मंत्रियों को मंत्रालय बांटने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अब आने वाले कुछ दिनों में नौकरशाही फेरबदल की कवायद को अंजाम देंगे। नई सरकार के गठन के बाद से मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर शासन स्तर पर नौकरशाहों को बदलने की चर्चाएं हैं। पुलिस विभाग में भी बदलाव दिखाई दे सकता है।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री बदलाव की शुरुआत शासन स्तर से करेंगे। इसका होमवर्क शुरू हो गया है। कतिपय अधिकारियों ने भी तैनाती के लिए मुख्यमंत्री और मंत्रियों की परिक्रमा शुरू कर दी है। पहले आईएएस अफसरों, प्रांतीय सेवा के अधिकारियों में बदलाव होगा और उसके बाद भारतीय पुलिस सेवा और भारतीय वन सेवा के अधिकारियों के भी तबादले हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री भी नए अवतार दिखेंगे
अपने पहले कार्यकाल में रक्षात्मक दिखाई देने वाले मुख्यमंत्री धामी अब इस बार नए अवतार में दिखेंगे। सूत्र बता रहे हैं कि उनकी दूसरी पारी ज्यादा आक्रामक होने जा रही है। वे अफसरों की ऐसी टीम तैयार कर रहे हैं जो परिणाम दे सके। अपनी पुरानी टीम से कुछ अफसरों को वे छांट सकते हैं। हालांकि पुरानी टीम के सभी अफसर-कारिंदे उनकी सेवा में जुट गए हैं।