10 तस्वीरों में भगवंत मान: पत्नी, बच्चे और मां से लेकर पूरे परिवार तक, देखिए जिंदगी में कैसे आगे बढ़े पंजाब के नए मुखिया
भगवंत मान ने कॉमेडियन और एक्टर से मुख्यमंत्री तक का सफर पूरा कर लिया है। 2011 में उन्होंने राजनीति में एंट्री की थी। 2012 में विधानसभा चुनाव लड़े लेकिन हार गए। 2014 में पहली बार संगरूर से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। 2019 के लोकसभा चुनाव में आप से जीते अकेले सांसद भगवंत मान अब धूरी से विधायक हैं। उन्हें लोग जुगनू भी कहते हैं। तस्वीरों में देखिए जुगनू के जिंदगी के सफर की पूरी कहानी…
भगवंत मान का जन्म 17 अक्टूबर 1973 को पंजाब के संगरूर जिले के सतोज गांव में हुआ था। उनके पिता मोहिंदर सिंह सरकारी स्कूल में विज्ञान के शिक्षक थे। 2011 में उनका निधन हो गया था। मान की मां का नाम हरपाल कौर है। बहन मनप्रीत कौर एक स्कूल में पंजाबी शिक्षिका हैं। जब मान सात साल के थे, तब उनके छोटे भाई जिसकी उम्र पांच साल की थी उसका पेट के कैंसर से निधन हो गया था।
मान ने इंदरप्रीत कौर से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं। बेटे का नाम दिलशान मान और बेटी का नाम सीरत कौर मान है। हालांकि, 2015 में इंदरप्रीत और भगवंत मान के बीच तलाक हो गया था। अब बच्चे अपनी मां के साथ ही अमेरिका में रहते हैं।
भगवंत मान ने 12वीं तक की ही पढ़ाई की है। इसके बाद साल 1992 में शहीद उधम सिंह गवर्नमेंट कॉलेज में बीकॉम (B.com) करने के लिए एडमिशन तो लिया था लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं हो सकी। मान को जुगनू नाम से भी पुकारते हैं।